बनीखेत (चंबा)। चौहड़ा-ककयाना संपर्क मार्ग पर शेरपुर गांव के समीप सोमवार सुबह करीब साढ़े दस बजे एक ट्रैक्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में चालक के साथ ट्रैक्टर पर बैठे 16 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि चालक को मामूली खरोचें आई हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी। मृतक किशोर की पहचान कार्तिक कुमार पुत्र अशोक कुमार निवासी शेरपुर के रूप में हुई। पुलिस ने भादंसं की धारा 279, 304ए के तहत मुकद्दमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। मृतक के परिजनों को प्रशासन की ओर से पटवारी अर्चना देवी ने बीस हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान कर दी है।
जानकारी के मुताबिक किशोर कार्तिक ट्रैक्टर पर बैठकर अपने घर की ओर जा रहा था लेकिन, जैसे ही ट्रैक्टर गांव शेरपुर के समीप पहुंचा तो चालक अंकू ने ट्रैक्टर से नियंत्रण खो दिया और ट्रैक्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में 16 वर्षीय किशोर की ट्रैक्टर की चपेट में आने से मौत हो गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया और सिविल अस्पताल डलहौजी में पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ट्रैक्टर चालक से पूछताछ कर रही है। डीएसपी विशाल वर्मा ने बताया कि पुलिस घटना की जांच कर रही है।