चंबा। कांग्रेस पार्टी के प्रदेश सचिव रमेश राव ने कहा कि देश में जहां कोरोना संक्रमण तेजी से फैल रहा है, वहीं प्रधानमंत्री और गृह मंत्री रैलियां करने में लगे हुए हैं। टीवी चैनलों के माध्यम से प्रधानमंत्री और अन्य भाजपा नेता लोगों को दो गज दूरी के नियम का पालना करने की नसीहत दे रहे हैं जबकि, रैलियों में दो गज दूरी की नियमों की स्वयं ही अवहेलना कर रहे हैं। रैलियों में लाखों की भीड़ जुटाई जा रही है। ऐसे ही चुनावी रैलियां होती रहीं तो कोरोना संक्रमण कम होने की बजाय तेजी से बढ़ जाएगा।
उन्होंने कहा कि कोरोना के चलते प्रदेश में स्कूलों को बंद करवाया गया है। सरकार को बच्चों के भविष्य की कोई चिंता नहीं है। स्कूल प्रबंधन अभिभावकों से मनमर्जी से फीस वसूल रहे हैं, जिन पर सरकार का कोई नियंत्रण नहीं है। बच्चों को स्कूल बिना भेजे अभिभावकों से पूरी फीस वसूली जा रही है। सरकार को सिर्फ चुनाव से मतलब है।
पिछले 15 दिन में बंगाल में कोरोना मरीज पांच गुणा बढ़े थे। चुनाव वाले सभी राज्यों में कहर बढ़ रहा है। हिमाचल भी इससे अछूता नहीं रहा है। सरकार को चाहिए था कि डब्ल्यूएचओ की चेतावनी के साथ ही राजनीतिक, धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम बंद कर देने चाहिए थे लेकिन, सरकार ने ऐसा नहीं किया। मंत्री और नेता कार्यालय में बैठकर शायद अधिक काम कर सकते हैं। पहले ही देश की आर्थिकी कमजोर है, ऐसे में देेश को आर्थिक रूप से मजबूत करने में भाजपा सरकार नाकाम साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में घोटाले हो रहे हैं। हाल ही में हिमाचल में लग्जरी गाड़ी रजिस्ट्रेशन घोटाला सामने आया है।