बख्तपुर-सिहुंता वार्ड में भाजपा ने नए चेहरों पर खेला दांव
बड़े नेताओं के टिकट काटकर पल्लवी और शांति देवी पर जताया भरोसा
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। भाजपा ने जिला परिषद के दो वार्डों से देर शाम को दो प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। पार्टी ने इस बार दो नए चेहरों पर दांव खेला है। भाजपा ने नए चेहरों की रणनीति पर चलते हुए कई बड़े नेताओं को किनारे कर दिया है।
जिले के सबसे चर्चित वार्ड नंबर-आठ बख्तपुर से भाजपा ने पल्लवी देवी को उम्मीदवार बनाया है। इस बार सबसे ज्यादा चर्चा बख्तपुर वार्ड से दिग्गज नेताओं के टिकट कटने की है। भाजपा ने पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष नीलम कुमारी और वरिष्ठ नेत्री इंदिरा कपूर को इस बार चुनाव मैदान में नहीं उतारा है। नीलम जिला परिषद अध्यक्ष के पद पर रह चुकी हैं। इंदिरा कपूर की गिनती भी वरिष्ठ नेताओं में होती है। दोनों नेताओं का टिकट कटना क्षेत्र में भाजपा की आंतरिक गुटबाजी या रणनीति में बड़े बदलाव की ओर इशारा कर रहा है। भाजपा ने वार्ड नंबर-13 सिहुंता से शांति देवी को प्रत्याशी बनाया है। पार्टी ने काफी मंथन के बाद यह नाम तय किया है। भाजपा का मानना है कि दोनों प्रत्याशी अपने-अपने वार्डों में पार्टी की नीतियों को जनता तक पहुंचाने में सफल रहेंगी।
टिकट कटने से भाजपा के दिग्गज सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर भड़ास निकाल रहे हैं। प्रदेश भाजपा के संयोजक एवं विधायक विपिन सिंह परमार ने स्पष्ट किया है कि यह सूची मंडल, जिला और प्रदेश चुनाव समिति के साथ लंबी चर्चा के बाद तैयार की गई है। अब चंबा की जनता और विशेष रूप से बख्तपुर के मतदाताओं की नजर इस पर होगी कि क्या नए चेहरों के दम पर भाजपा अपनी साख बचा पाएगी। वहीं, अब पार्टी की ओर से टिकट न दिए जाने पर पुराने चेहरे क्या कदम उठाते हैं, इस पर भी लोगों को नजर रहेगी।