तीसा (चंबा)। चुराह उपमंडल की नकरोड़-ऑयल सड़क पर शनिवार सुबह डैम साइट के समीप नाले में आए मलबे को पार करते हुए बाइक सवार इसकी जद में आ गया। वह तेज बहाव में बहने लगा। बाइक चालक ने बड़ी मुश्किल बाइक को वहीं छोड़कर अपनी जान बचाई। इस दौरान उसकी बाइक मलबे की जद में आने से पूरी तरह से दब गई। बताया जा रहा है कि वह बाइक लेकर हिमगिरी से नकरोड़ की तरफ आ रहा था। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची विभागीय लेबर और मशीनरी ने मलबे में दबी बाइक को बाहर निकाल कर उसके सुपुर्द किया।
जिले में भारी बारिश के बाद अभी तक हालात सामान्य नहीं हो पाए हैं। शनिवार को भरमौर-पठानकोट हाईवे पर चूड़ी के पास फायर ब्रिगेड की गाड़ी फंसने से रफ्तार थम गई। इसके बाद एनएच प्रबंधन की मशीनरी ने मौके पर पहुंच कर कड़ी मशक्कत के बाद हाईवे को करीब एक घंटे के बाद यातायात के लिए बहाल करवा कर राहगीरों और वाहन चालकों को राहत प्रदान की। चुराह उपमंडल भंजराडू-चनवास-शहवा सड़क (सेरू नाला) के समीप पांच दिन से बंद पड़ी हुई है। इससे लोगों की मुसीबतों बढ़ गई हैं। सड़क बंद होने से ग्राम पंचायत पधर, जुंगरा और खंजुआ के बाशिंदों को मजबूरन सेरू नाला पैदल पार करने के बाद चार किलोमीटर तय कर अपने गंत्वयों की ओर जाना पड़ रहा है। शनिवार को जिला में 20 सड़कों पर यातायात व्यवस्था ठप रही जबकि, तीसा में 2, भरमौर और भटियात में एक-एक ट्रांसफार्मर बंद होने से लोगों को परेशानी हो रही है।
उपमंडलाधिकारी चुराह जोगेंद्र पटियाल ने बताया कि नाले में मलबा आ जाने से यातायात बाधित हुआ था जिसे विभागीय मशीनरी द्वारा बहाल करवा दिया गया है।
उपायुक्त अपूर्व देवगन ने बताया कि पटरी से उतरी सेवाओं को सुचारु करने में विभागीय टीमें जुटी हुई हैं। जल्द व्यवस्थाएं बहाल होंगी।