चंबा। सुल्तानपुर हेलीपैड के पास एनएच पर बाइक ने स्कूटी को टक्कर मारकर बुजुर्ग को घायल कर दिया। टक्कर मारने के बाद स्कूटी सवार दो युवक वहां से भाग निकले। हालांकि कुछ दूर जाकर उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क में गिर गई। जहां पर लोगों ने उन्हें पकड़ लिया और पुलिस चौकी सुल्तानपुर ले आए।
घायल 60 वर्षीय रियाज अहमद निवासी कसाकड़ा की पीठ और बाजू पर चोट लगी है। जिन्हें उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है। घायल के परिजनों ने बाइक में सवार मेडिकल कॉलेज के प्रशिक्षु बताए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम भी अस्पताल पहुंच गई। पुलिस ने घायल के बयान पर बाइक चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि बाइक की टक्कर से स्कूटी सवार बुजुर्ग घायल होने का मामला सामने आया है। पुलिस इसमें निष्पक्ष जांच कर रही है।