चंबा। जिले में वीरवार को ग्रामीण इलाकों की आबादी को बड़ी राहत मिली है। एक ही दिन में बिजली बोर्ड की टीमों ने 137 बिजली ट्रांसफार्मरों दुरुस्त कर करीब 650 गांवों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी। इससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। सबसे ज्यादा राहत भटियात क्षेत्र को मिली है। यहां ठप चल रहे 127 विद्युत ट्रांसफार्मर दुरुस्त होने से 600 गांवों में उजाला हुआ है। चंबा मंडल में 10 ट्रांसफार्मर दुरुस्त होने से 50 गांवों में बिजली आपूर्ति बहाल हुई है। वहीं, लोक निर्माण विभाग की टीम ने भी जिलेभर में 16 मार्गों को यातायात के लिए खोल दिया है। इसमें भरमौर के छह और चंबा सहित सलूणी चार-चार मार्ग शामिल हैं। तीसा मंडल में दो मार्ग वाहनों की आवाजाही के बहाल हुए हैं। उधर, जल शक्ति विभाग की 22 पेयजल योजनाएं अभी भी बंद हैं। हालांकि विभागीय टीमें पेयजल योजनाओं को बहाल करने में लगी हुई है। उम्मीद की जा रही है कि शुक्रवार तक यह योजनाएं दुरुस्त हो जाएंगी और लोगों को राहत मिलेगी। बरसात के मौसम में इस बार जिले में काफी नुकसान हुआ है। पिछले करीब चार दिन से मौसम साफ है। ऐसे में सेवाओं की बहाली का कार्य भी काफी तेजी से हो रहा है।
उपायुक्त खुद कर रहे ग्रामीण क्षेत्र का दौरा
खराब मौसम की वजह से हुए नुकसान को लेकर उपायुक्त मुकेश रेपसवाल बहाली कार्य का खुद जायजा लेने के लिए फील्ड पर पहुंच रहे हैं। उपायुक्त की ओर से ग्रामीणों की समस्याओं को भी सुना जा रहा है और मौके पर निपटारा भी किया जा रहा है।
अब कहां, कितने, मार्ग और ट्रांसफार्मर बंद
चंबा मंडल के तहत आठ, डलहौजी में एक, तीसा और सलूणी में चार-चार, भरमौर में 10, पांगी में एक और भटियात के दो संपर्क मार्ग बाधित हैं। बिजली बोर्ड की टीमें भी चंबा मंडल में दो, तीसा में सात, सलूणी में तीन और भरमौर में नौ ट्रांसफार्मरों को दुरुस्त करने में जुटी हुई हैं।