बनीखेत (चंबा)। मेडिकल कॉलेज चंबा से पीलिया रोग से पीड़ित मरीज और उनके परिजनों समेत 108 एंबुलेंस में तैनात स्टाफ की जान चालक की सूझबूझ से बच गई। यह घयना मंगलवार सुबह तीन बजे की है। 108 एंबुलेंस मरीज को लेकर भरमौर-पठानकोट हाईवे पर बौंखरी मोड़ के समीप ऐलन नाली के पास पहुंची तभी चालक के तरफ टायर की जोरदार आवाज हुई। इसके बाद एंबुलेंस अनियंत्रित होने लगी। चालक ने ऐन मौके पर सूझबूझ दिखाते हुए एंबुलेंस को रोकने के लिए ब्रेक लगा दिया।
अचानक लगे ब्रेक के कारण चालक और फार्मासिस्ट अपनी सीट से आगे शीशे से जा टकराए जिससे शीशे पर दरार पड़ गई। एंबुलेंस में लेटे मरीज को भी जोरदार झटका लगा। चालक ने तुरंत एंबुलेंस से नीचे उतर कर टायर को देखा तो टायर के साथ लगी स्पोर्ट रॉड टूट चुकी थी जो खुल कर हाईवे पर गिरी थी। बता दें कि एंबुलेंस बाथरी से बनीखेत की ओर चढ़ाई चढ़ रही थी। इससे बड़ा हादसा होने से टल गया। यदि एंबुलेंस नीचे की ओर जा रही होती तो रॉड टूटने से एंबुलेंस हादसे का शिकार हो सकती थी। एंबुलेंस में आई खराबी के बाद चालक ने फोन के माध्यम से बनीखेत में दूसरी एंबुलेंस के लिए संपर्क कर उसे बुलाया। इसके बाद मरीज को उसमें शिफ्ट कर टांडा के लिए ले जाया गया। गौर रहे कि 108 एंबुलेंस रात-दिन मरीजों के लिए अपनी सेवाएं प्रदान करती है। मरीजों के लिए वरदान साबित हो रही 108 एंबुलेंसों की भी समय-समय पर मरम्मत और रखरखाव होना अनिवार्य है।