भरमौर में थाईराइड व कैंसर मशीन का शुभारंभ करते विधायक जिया लाल कपूर।
- फोटो : Chamba
भरमौर (चंबा)। जनजातीय क्षेत्र के भरमौर के लोगों को अब कैंसर और हृदय रोग के टेस्ट करवाने के लिए चंबा नहीं जाना होगा। इसके लिए अब सिविल अस्पताल भरमौर में ही मशीन स्थापित कर ली गई है। यह मशीन करीब 9 लाख रुपये से खरीदी गई है। आधुनिक मशीन में कैंसर से लेकर हृदय रोगों के समेत थायरायड के टेस्ट भी हो सकेंगे। विधायक जियालाल कपूर ने भी सोमवार को मशीन का लोकार्पण किया।
विधायक जियालाल कपूर ने कहा कि जयराम सरकार लोगों को स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं को लोगों तक पहुंचा रही है। उन्होंने कहा कि मंडी संसदीय क्षेत्र के सांसद रामस्वरूप शर्मा ने दो एंबुलेंस वाहन भी दिए हैं। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष भरमौर में 100 बिस्तरों का अस्पताल बनकर तैयार हो जाएगा।
कीमो ल्यूमिनिसेंस इम्यूनो एस्से एनालाइजर मशीन के लोकार्पण से पूर्व खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंकित शर्मा ने विधायक जियालाल कपूर को स्मृति चिन्ह और शॉल देकर सम्मानित किया। इस मौके पर अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी पृथी पाल सिंह, पूर्व भाजपा अध्यक्ष चमन लाल शर्मा मौजूद रहे। खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंकित शर्मा ने बताया कि कीमो ल्यूमिनिसेंस इम्यूनो एस्से एनालाइजर मशीन से अब भरमौर के लोगों को काफी सहूलियत मिलेगी। उन्होंने बताया कि इस दौरान कोविड- वारियर्स को भी सम्मानित किया गया।