चंबा। भरमौर-पठानकोट एनएच पर दस घंटे तक वाहनों की रफ्तार थमी रही। वीरवार देर रात एक बजे चूड़ी के पास सामान से लदा ट्रक बीच एनएच में खराब हो गया। एनएच बंद होने से दोनों ओर छोटे-बडे़ वाहनों की लंबी कतारें लग गई। भरमौर और चंबा का रुख करने वाले वाहन चालक दोपहर तक ही अपने गंतव्य की ओर रवाना कर सके।
जानकारी के मुताबिक भरमौर-पठानकोट एनएच पर चूड़ी पुल के पास सामान से लदा ट्रक तकनीकी खराबी के कारण बीच सड़क में ही फंस गया। ट्रक के एनएच के बीचोंबीच फंस जाने से चंबा और भरमौर की ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। ऐसे में चंबा-भरमौर का रुख करने वाले कई वाहन चालकों को वीरवार की रात गाड़ियों में ही काटनी पड़ी। सूचना मिलने के बाद एनएच मंडल की टीम ने मौके पर पहुंच कर मैकेनिक को बुलाया और जैसे-तैसे ट्रक में आई तकनीकी खराबी को दूर कर दोपहर 11 बजे एनएच को यातायात के लिए बहाल करवाया।
एनएच बहाल होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। वहीं, शुक्रवार को खिली धूप में जर्जर हुए पहाड़ दरकने से लोनिवि मंडल डलहौजी के तहत तीन मार्ग यातायात के लिए बंद पड़ गए। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची विभागीय लेबर और मशीनरी ने सड़कों को देरशाम यातायात के लिए सुचारु करवाया।
जनजातीय क्षेत्र पांगी में पांचवें दिन भी दस गांवों में बिजली की सप्लाई सुचारु नहीं हो पाई। बिजली न होने से ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जबकि, विद्युत बोर्ड के कर्मी टूटी लाइनों को दुरुस्त करने में जुटे हैं। बोर्ड शनिवार तक बिजली की सप्लाई सुचारु होने का दावा कर रहा है।
एनएच मंडल चंबा के सहायक अभियंता कनव बडोत्रा ने कहा कि भरमौर-पठानकोट एनएच पर चूड़ी के पास वीरवार रात एक बजे ट्रक खराब हो जाने से एनएच बंद पड़ गया। कहा कि शुक्रवार सुबह 11 बजे एनएच यातायात के लिए बहाल हो पाया।