चंबा के जुलाहकडी मंदिर से अगले पड़ाव के लिए निकलने से पहले पूजा अर्चना करते छड़ी के पुजारी।स्त
भरमौर (चंबा)। जम्मू-कश्मीर के भद्रवाह से आए श्रद्धालुओं ने भरमौर हेलीपैड पर डेरा जमाना शुरू कर दिया है। यात्रा के दौरान इसी स्थान पर भद्रवाह के श्रद्धालु डेरा डालते हैं।
यहां पर शिव चिह्नों को स्थापित किया जाता है। श्रद्धालु एक या दो दिन यहां रुकने के बाद मणिमहेश के लिए प्रस्थान करते हैं। इस बार प्रशासन ने हेलीपैड के साथ बन रहे कॉलेज भवन में श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था की है। रविवार को दोपहर तक श्रद्धालुओं ने हेलीपैड में डेरा लगाए रखा। दोपहर बाद बारिश शुरू हुई तो श्रद्धालु प्रशासन के कहने पर कॉलेज के नए भवन में चले गए। कुछ श्रद्धालुओं ने हेलीपैड के आसपास लोगों के घरों में शरण ली है। नागरिक उपमंडल अधिकारी भरमौर कुलवीर सिंह राणा ने बताया कि जम्मू-कश्मीर से आए श्रद्धालुओं के लिए काॅलेज के नए भवन में भी ठहरने की व्यवस्था की गई है। जो श्रद्धालु बारिश के दौरान वहां रुकना चाहें, वे वहां ठहर सकते हैं। श्रद्धालुओं की हरेक सुविधा का विशेष ध्यान प्रशासन की तरफ से रखा जा रहा है।