चंबा। 31 मार्च के बाद एचआरटीसी की बसों में हिम बस कार्ड का लाभ लेने के लिए निर्धारित तिथि के तहत लाभार्थियों को अपने कार्ड बनवाने होंगे। एचआरटीसी प्रबंधन की ओर से दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इसके लिए 31 मार्च अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। इस अवधि में अगर लाभार्थी कार्ड नहीं बनवाते हैं तो उन्हें यात्रा के दौरान मिलने वाली रियायत का लाभ नहीं मिलेगा। गौरतलब है कि एक अप्रैल से केवल वही नागरिक, जिनके पास वैध हिम बस कार्ड होगा, वे ही एचआरटीसी की बसों में रियायती यात्रा सुविधा का लाभ प्राप्त कर सकेंगे।
पात्र लाभार्थी आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें इस https://buspassonline.hrtchp.com वेबसाइट पर विजिट करना पड़ेगा। पंजीकरण प्रक्रिया को सरल एवं उपयोगकर्ता अनुकूल बनाया गया है, जिससे समय पर आवेदन सुनिश्चित किया जा सके। संबंधित लाभार्थियों से निगम ने आग्रह किया है कि अंतिम तिथि से पहले आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कर लें, जिससे किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।
डीडीएम शुगल सिंह का कहना है कि सरकार के निर्देशानुसार आदेश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि लाभार्थी समय रहते अपना कार्ड बनवा लें।