चंबा। नगर परिषद चंबा के तत्वावधान में दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत बचत भवन में पीएम स्वनिधि महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधायक नीरज नैयर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर योजना के लाभार्थियों को सम्मानित किया।
कार्यक्रम में विधायक नीरज नैयर के साथ उनकी पत्नी भारती नैयर भी विशेष रूप से मौजूद रहीं। सामुदायिक संगठन प्रबंधक (सीएमएम) ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना और स्वनिधि से समृद्धि कार्यक्रम के बारे में बताया कि योजना के माध्यम से रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं को आसान ऋण, डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा तथा विभिन्न सामाजिक सुरक्षा और कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जा रहा है।
विधायक नीरज नैयर ने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना स्ट्रीट वेंडरों के आर्थिक सशक्तीकरण की महत्वपूर्ण पहल है। यह योजना स्वरोजगार को बढ़ावा देने के साथ छोटे व्यापारियों को आत्मनिर्भर बनाने में भी अहम भूमिका निभा रही है।
उन्होंने योजना के सफल क्रियान्वयन और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए जिले के विभिन्न शहरी निकायों के चयनित स्ट्रीट वेंडरों को प्रशंसा प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण के सहायक आयुक्त दीपक आनंद ने स्ट्रीट फूड विक्रेताओं को खाद्य स्वच्छता, सुरक्षित खाद्य प्रबंधन, लाइसेंस प्रक्रिया और खाद्य सुरक्षा मानकों की जानकारी दी। वहीं, अग्रणी बैंक प्रबंधक डीसी चौहान ने बैंक की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से प्रतिभागियों को अवगत कराया।