चंबा बन्नू के जंगल में भड़की आग से उठता धुआं।संवाद
चंबा। वन मंडल चंबा में आने वाला बन्नू का जंगल रविवार को दिन भर दहकता रहा। वहीं, वन विभाग का कोई भी कर्मचारी जंगल में लगी आग को बुझाने के लिए नहीं पहुंचा। इसकी वजह से लाखों रुपये की वन संपदा जलकर राख हो गई। पेड़ों के अलावा जंगली जानवर भी इस आग की चपेट में आ गए। बन्नू जंगल जिला मुख्यालय के साथ सटा हुआ है। इसके चलते दिन भर शहर के आसपास जंगल का निकलने वाला धुआं आसमान में छाया रहा। हैरानी यह रही कि आसमान में छाए काले धुएं को देखने के बाद भी वन विभाग की टीम आग बुझाने के लिए नहीं पहुंची।
फायर सीजन में भले ही वन विभाग ने जंगलों को आग से बचाने के लिए अपने कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द की हों और पंचायतों में फायर वॉचरों की तैनाती की हो। लेकिन सर्दी के मौसम में जंगलों में लगने वाली आग को रोकने के लिए कोई भी प्रबंध विभाग की तरफ से देखने को नहीं मिल रहे हैं। इसकी वजह से जंगलों में लगने वाली आग में वन संपदा राख हो रही है। करियां, रजेरा, मुगला के साथ लगते जंगलों में भी आग की घटनाएं कुछ दिन पहले देखने को मिली थी। उधर, मुख्य वन अरण्यपाल अभिलाष दामोदरन ने बताया कि जंगल में आग की घटनाएं रोकने के लिए विभाग पूरे प्रयास कर रहा है।