बनीखेत कंडा सड़क मार्ग की मुरम्मत करती मशीनरी और लेबर -संवाद
गड्ढे भरने के साथ उखड़ी टारिंग और क्षतिग्रस्त डंगों को किया जाएगा दुरुस्त
सड़क की खस्ताहालत से परेशान ग्रामीणों, विद्यार्थियों और चालकों को मिलेगी राहत
नीतिन पाल
बनीखेत (चंबा)। बनीखेत से कंडा गांव को जोड़ने वाली सड़क की बदहाली दूर करने के लिए लोक निर्माण विभाग ने मरम्मत कार्य शुरू करवा दिया है। करीब 32 लाख रुपये की लागत से सड़क को दुरुस्त किया जाएगा।
इसके तहत गड्ढों को भरने, उखड़ी टारिंग को ठीक करने और क्षतिग्रस्त डंगों की मरम्मत का कार्य होगा। लंबे समय से सड़क की खराब हालत के कारण लोगों को आवाजाही में दिक्कतें झेलनी पड़ रही थीं।
इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों ग्रामीणों के अलावा पॉलीटेक्निक और स्कूलों के विद्यार्थी तथा कर्मचारी आवाजाही करते हैं। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने और टारिंग उखड़ने से विशेषकर दोपहिया और छोटे वाहन चालकों को परेशानी होती है। बरसात के दौरान सड़क पर मिट्टी फैलने और गड्ढों में पानी भरने से जोखिम और बढ़ जाता है। मरम्मत कार्य पूरा होने से लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलने की उम्मीद है।
लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता सुनील धवन ने बताया कि सड़क की मरम्मत के लिए 32 लाख रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद ठेकेदार ने मौके पर काम शुरू कर दिया है। सड़क के गड्ढे भरने और आवश्यक स्थानों पर टारिंग करने के साथ क्षतिग्रस्त डंगों का निर्माण भी करवाया जाएगा। इससे मार्ग को बेहतर और सुरक्षित बनाया जा सकेगा।