चंबा। पठानकोट-भरमौर नेशनल हाईवे पर बग्गा से भरमौर तक चकाचक होगा। इस मार्ग के सुदृढ़ीकरण पर करीब 38 करोड़ रुपये की राशि व्यय की जाएगी। नेशनल हाईवे प्राधिकरण की ओर से टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।
एक सप्ताह के भीतर यह कार्य अवार्ड भी हो जाएगा। संबंधित कार्य एजेंसी कार्य अवार्ड होने के बाद मार्ग के सुदृढृीकरण का कार्य शुरू करेगी। नेशनल हाईवे प्रबंधन की ओर से इस मार्ग को चकाचक करने के लिए एक साल का लक्ष्य रखा गया है। आगामी मणिमहेश यात्रा तक इस मार्ग को दुरुस्त कर दिया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की दिक्कत न पेश आए। इस मार्ग के दुरुस्त होने से क्षेत्र की करीब एक 70 पंचायतों की आबादी को भी फायदा मिलेगा।
जानकारी के अनुसार नेशनल हाईवे प्राधिकरण ने कुछ माह पहले इस भाग की मरम्मत के लिए प्रस्ताव सरकार को भेजा था। सरकार ने प्रस्ताव को स्वीकृति दी और इसके बाद प्राधिकरण की ओर से टेंडर प्रक्रिया पूरी की। टेंडर प्रक्रिया होने के बाद अब प्राधिकरण कार्य अवार्ड करने जा रहा है। बहरहाल, आगामी एक साल में यह मार्ग चकाचक होगा। गौरतलब है कि सरकार की ओर से पठानकोट से भरमौर नेशनल हाईवे का दर्जा दिया है। मार्ग पर जगह जगह कार्य किया जा रहा है। इस राशि से मार्ग पर ढलान वाले क्षेत्र को दुरुस्त किया जाएगा। साथ ही मार्ग को पक्का किया जाएगा। इसके अलावा क्षतिग्रस्त जगहों पर डंगे लगाए जाएंगे।
कार्यवाहक नेशनल हाईवे प्राधिकरण के अधिशासी अभियंता मीत कुमार ने बताया कि 38 करोड़ रुपये की राशि से बग्गा से भरमौर तक हाईवे को दुरुस्त किया जाएगा। एक सप्ताह के भीतर कार्य अवार्ड कर दिया जाएगा। अगले वर्ष मणिमहेश यात्रा से पहले इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। कहा कि कार्य शुरू होने पर प्राधिकरण की ओर से नियमित निगरानी भी की जाएगी।