संवाद न्यूज एजेंसी
चुुराह (चंबा)। विधानसभा क्षेत्र चुराह की चांजू पंचायत के आधा दर्जन गांव सड़क सुविधा से नहीं जुड़ पाए हैं। इन गांवों में कोई व्यक्ति बीमार को हो जाए तो उसे पीठ या पालकी पर उठाकर ही सड़क तक पहुंचाया जाता है। इसके बाद जाकर एबुंलेंस के जरिये बीमार व्यक्ति को अस्पताल में पहुंचाया जाता है। कई बार तो मरीज अस्पताल का मुख देखने से पूर्व भी दम तोड़ देते हैं। वहीं, सड़क के अभाव से विद्यार्थियों को रोजाना दो घंटे पैदल चलकर स्कूल पहुंचना पड़ रहा है। इस कारण विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्कूली विद्यार्थियों को सर्दियों के मौसम में घर पहुंचने में शाम हो जाती है। इस कारण उनकी पढ़ाई पर भी इसका असर पड़ रहा है। सड़क के अभाव में ग्रामीणों को खाद्य, गृह सामग्री पीठ पर उठाकर या फिर खच्चर के जरिये ही घर तक पहुंचानी पड़ती है। इससे ग्रामीणों को अधिक पैसा खर्च करना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार सड़क सुविधा की मांग वे उठा चुके हैं, लेकिन अभी तक समस्या हल नहीं हो पाई है।
ग्रामीणों में चेत सिंह, रोहित कुमार, चैन लाल, राम लाल, कर्म चंद और अनिल कुमार का कहना है कि सड़क के अभाव में सड़क से सामान घरों तक पहुंचाने की एवज में 300 रुपये प्रतिशत खच्चर अदा करने पड़ रहे हैं। ग्राम पंचायत चांजू के सुंदरी, डिम्ह, माढ़ी और पुदरोड़ी गांवों आजादी के 75 साल बीतने के बाद भी सड़क सुविधा से वंचित हैं। ग्रामीणों की मानें तो कई बार लोक निर्माण विभाग से इन गांवों तक सड़क पहुंचाने की मांग कर चुके हैं। बावजूद इसके विभाग की ओर से कोई उचित कदम नहीं उठाए गए हैं। ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता से जल्द गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ने की मांग उठाई है।
इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता जोगिंद्र कुमार ने बताया कि मामला उनके ध्यान में लाया गया है। कहा कि इन गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ने के लिए उचित प्रयास किए जाएंगे।