बाबू राम ने संभाला डलहौजी थाना प्रभारी का कार्यभार
डलहौजी (चंबा)। थाना प्रभारी बाबू राम ने डलहौजी पुलिस थाना का कार्यभार संभाल लिया है। इससे पहले वह किहार और भरमौर थाना में बतौर थाना प्रभारी सेवाएं दे चुके हैं।
कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत करने और नशे के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई को प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से चिट्टे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस सख्त कदम उठाएगी। नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान में आमजन का सहयोग भी लिया जाएगा।
थाना प्रभारी ने कहा कि पर्यटन नगरी डलहौजी की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए भी विशेष कदम उठाए जाएंगे। अनावश्यक पार्किंग, यातायात नियमों की अवहेलना और जाम की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण किया जाएगा। उन्होंने स्थानीय लोगों, व्यापारियों और पर्यटकों से पुलिस का सहयोग करने की अपील की। संवाद