चुराह (चंबा)। राजकीय महाविद्यालय चुराह में डिजिटल ठगी से बचाव के लिए कार्यशाला लगाई गई। इसका आयोजन जिला प्रशासन चंबा और सेवा हिमालय संस्था के संयुक्त तत्वावधान में चलाए जा रहे डिजिटल शिक्षित चंबा, सुरक्षित चंबा अभियान के तहत किया गया। उपायुक्त मुकेश रेपसवाल के नेतृत्व में संस्था की टीम ने राजकीय महाविद्यालय चुराह का दौरा कर विद्यार्थियों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों और स्टाफ को डिजिटल फ्रॉड जैसे फिशिंग, इमेज मॉर्फिंग, डिजिटल अरेस्ट और अन्य साइबर अपराधों के बारे में बताया गया। विशेषज्ञों ने बताया कि किस तरह छोटी-छोटी सावधानियों से ऑनलाइन ठगी से बचा जा सकता है। इस अवसर पर अधिवक्ता ओमप्रकाश ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के कानूनी पहलुओं से अवगत करवाया। वहीं, पुलिस थाना तीसा की ओर से राजेश कुमार ने विद्यार्थियों को साइबर क्राइम के तरीकों, उनसे बचाव के उपायों और संबंधित कानूनों के बारे में सरल भाषा में जानकारी दी। कार्यक्रम में संस्था के राजेश कुमार, वर्षा, भावना, उमेश, नव्या, रणवीर, काव्यांश और आरती मौजूद रहे। महाविद्यालय की ओर से कार्यकारी प्राचार्य सुभान मोहम्मद, संतोष कुमार, वीरेंद्र सिंह शर्मा, लाल सिंह और भगत राम भी मौजूद रहे।