चंबा के जनजातिय भवन बालू में महिला दिवस को लेकर कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ठ कार्य के लिए महिला
चंबा। जिला स्तरीय अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस जनजातीय भवन बालू में मनाया गया। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। मुख्यातिथि ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का आगाज किया। उन्होंने इस मौके पर स्वयं सहायता समूहों की ओर से लगाए गए स्टॉल का भी अवलोकन किया। इस मौके पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की ओर से बेटी-बचाओ, बेटी-पढ़ाओ थीम पर आधारित लघु नाटिकाएं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की ओर से पहाड़ी और पंजाबी नृत्य भी प्रस्तुत किए गए।
विधानसभा अध्यक्ष ने जिला प्रशासन की अभिनव पहल पर बेटी-बचाओ, बेटी-पढ़ाओ का हर घर तक व्यापक संदेश पहुंचाने के लिए चंबयाली में तैयार गीत की मोबाइल कॉलर ट्यून भी लांच की। विधानसभा अध्यक्ष ने पद्मश्री ललिता वकील सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 23 महिलाओं को स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने दसवीं और बारहवीं कक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली जिले की 22 बेटियों को नकद राशि, स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने इस दौरान जिला में बेहतर लिंगानुपात वाली सात ग्राम पंचायतों को भी प्रोत्साहन राशि, स्मृति चिह्न व प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। मुख्यातिथि ने जिला प्रशासन की ओर से महिला दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित हाफ मैराथन की विजेताओं को 10,000, 8,000 और 5,000 रुपये की राशि जबकि सात प्रतिभागियों को एक-एक हजार रुपये की राशि देकर सम्मानित किया गया।
विधानसभा अध्यक्ष ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाएं समाज को आगे ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उनके बिना विकसित और समृद्ध समाज की परिकल्पना नहीं की जा सकती है। उन्होंने महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आधुनिक समाज की महिला ने अपने साहस, अथक परिश्रम और बुद्धिमता से विश्व पटल पर अपनी शक्ति की पहचान बनाई है। कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं के सामाजिक उत्थान के साथ-साथ उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रयासरत है। विधायक नीरज नैयर ने कहा कि हमारी संस्कृति और सभ्यता हमें नारी शक्ति के प्रति आदर और स्नेह की भावना सिखाती है। उपायुक्त डीसी राणा ने कहा कि आज की महिला बहुत प्रतिभावान है और पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर समाज को आगे ले जाने में अपना बहुमूल्य योगदान दे रही हैं।