चंबा। डीएवी पब्लिक स्कूल चंबा की ओर से रविवार को रन फॉर डीएवी के तहत मैराथन करवाई गई। इसमें अथर्व मेहता प्रथम, भुवन सिंह ठाकुर द्वितीय और आदित्य ठाकुर तृतीय स्थान पर रहे। लड़कियों के वर्ग में श्रेया शर्मा प्रथम, करुणा चंद्रा द्वितीय और माही ठाकुर तीसरे स्थान पर रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ वाइस चेयरमैन केके महाजन ने किया और हरी झंडी दिखाकर धावकों को रवाना किया। यह मैराथन हरदासपुरा चौक से आरंभ होकर चामुंडा मंदिर परिसर तक आयोजित की गई। इस मौके पर थाना प्रभारी चंबा सुरेंद्र कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि मैराथन केवल दौड़ नहीं, यह आत्मविश्वास, धैर्य और जीवन में निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा है। उन्होंने विद्यार्थियों को खेलों को जीवन का अभिन्न अंग बनाने की प्रेरणा दी और बच्चों को स्वास्थ्यवर्धक खान-पान की आदत अपनाने के लिए प्रेरित किया। विजेताओं को चामुंडा मंदिर परिसर में पुरस्कार प्रदान किए। प्रधानाचार्य अशोक कुमार गुलेरिया ने सभी विजेताओं और प्रतिभागियों की सराहना की।