चंबा के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नगाली में वार्षिक समारोह का शुभारंभ करते विधानसभा अध्यक्
कहा-नगाली में जल्द जीव विज्ञान संकाय होगा शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
बनीखेत (चंबा)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नगाली में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने स्कूल के मेधावियों को पुरस्कृत किया। विद्यार्थियों ने तू कितनी अच्छी है... तू कितनी भोली है, प्यारी-प्यारी है ओ मां ओ मां... गीत की मनमोहक प्रस्तुति देकर खूब तालियां बटोरीं। समारोह में जहां एक ओर विद्यार्थियों में भारी उत्साह था वहीं दूसरी ओर अभिभावकों ने भी भारी संख्या में कार्यक्रम में भाग लिया। विस अध्यक्ष ने स्कूल में जीव विज्ञान संकाय की कक्षाओं को शुरू करने की घोषणा की। विद्यालय में अधोसंरचना विकास को लेकर विधानसभा अध्यक्ष ने प्राक्कलन के आधार पर आवश्यक धनराशि उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने स्कूल में सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए 21,000 रुपये देने की घोषणा की। प्रधानाचार्य जगजीत सिंह ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और स्कूल की गतिविधियों के बारे में जानकारी दी। विस अध्यक्ष ने कहा कि ग्राम पंचायत शेरपुर, टप्पर, जियूंता और बनीखेत में निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित बनाने के लिए 30 करोड़ की धनराशि व्यय होगी। उन्होंने जल शक्ति विभाग के अधिकारियों को जल्द निविदा प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए। विधानसभा अध्यक्ष ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से खुंई से तरवाड़ सड़क के निर्माण और छनूइ संपर्क सड़क को नगाली सड़क के साथ जोड़ने के लिए डीपीआर बनाने को कहा ।