चंबा। बाल मृत्यु दर को कम करने के लिए स्वास्थ्य विभाग आशा कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दे रहा है। इसमें उन्हें बताया जा रहा है कि किस प्रकार से छोटे बच्चों के स्वास्थ्य की जांच करनी है। साथ ही बच्चों की देखभाल के बारे में भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। सीएमओ कार्यालय के सभागार में चल रहे पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में स्वास्थ्य खंड समोट, पुखरी और चूड़ी से संबंधित आशा कार्यकर्ता भाग ले रही हैं। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कविता महाजन ने कहा कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य छोटे बच्चों की बीमारियों का पता लगाना एवं कम करना, पोषण संबंधी स्थिति में सुधार लाना, सही बृद्धि और आरंभिक बाल विकास को सुनिश्चित करना है, ताकि ग्रामीण और पिछड़े क्षेत्र के बच्चों को किसी भी तरह की बीमारी होने की दशा में उन्हें शुरुआत में पहचाना जा सके।