चंबा मेडिकल कॉलेज के मूसलाधार बारिश के बाद मार्ग पर बह रहे पानी के बिच छलांग लगाकार पार करती यु
दुकानों के सामने सड़क पर तालाब बनने से दुकानदारों की बढ़ीं मुश्किलें
क्रेट पर बैठे रहे निकासी नाली के गंदे पानी से बचते दिखे रेहड़ी धारक
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। मूसलाधार बारिश ने शहर में नगर परिषद की पोल खोल दी है। बारिश होने पर नाली का पानी शहर की सड़कों पर बहने लगा। इससे राहगीरों को आवाजाही करने में परेशानी हुई।
दोपहिया वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। नाली की निकासी बंद होने से शहर की सड़कें नाले में तबदील हो गईं। दुकानों के सामने सड़क पर पानी का तालाब बन गया। इससे दुकानदारों की भी मुश्किलें बढ़ गईं। पुराने बस अड्डे, बाजार चौक और मेडिकल कॉलेज के पास नाली की निकासी बंद होने से सारा पानी सड़क पर बहता रहा। इस मौके पर कई रेहड़ी धारक अपनी दुकानों पर क्रेट पर बैठे रहे निकासी नाली के गंदे पानी से बचते दिखे जबकि उनका सामान पानी के साथ बहता नजर आया। शहरवासियों से नगर परिषद भले ही भारी-भरकम हाउस टैक्स वसूलने की योजना बना रही है लेकिन शहर में लोगों को बेहतर सेवाएं प्रदान करने में नाकाम हो रही है। नगर परिषद की कारगुजारी उस समय देखने को मिलती है जब भी शहर में मूसलाधार बारिश होती है। पानी की निकासी बंद होने के कारण सड़क पर बहने लगता है। हैरानी इस बात की है कि इस प्रकार की घटनाएं कई बार देखने को मिल चुकी हैं लेकिन अभी तक नप की तरफ से इस दिशा में कोई भी कारगर कदम नहीं उठाए गए हैं।