धर्मशाला। बाल विकास परियोजना धर्मशाला के तहत आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के दो जबकि सहायिका के बारह पद भरे जाएंगे। बाल विकास परियोजना अधिकारी धर्मशाला रमेश जागवान ने बताया कि ग्राम पंचायत ढगवार के मसरेहड़ और ग्राम पंचायत पासू पंतेहड़ के देहरू केंद्र में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के पद भरे जाने हैं। उन्होंने बताया कि नगर निगम धर्मशाला के वार्ड नंबर-1 के टैंगलवुड, वार्ड नंबर-4 के कोतवाली बाजार तथा वार्ड -8 के उपरेहड़ केंद्रों में आंगनबाड़ी सहायिकाओं के पद भरे जाने हैं। वहीं ग्राम पंचायत रसेहड़ के रसेहड़, योल के लहसर, बरवाला के थम्बा, कजलोट के अपर सुधेड़, सुक्कड़ के खास सुक्कड़, शीला के शीला-2, गगल के गगल-2, मंदल के निचली भड़वार और ढगवार के मसरेहड़ केंद्रों में भी सहायिकाओं के पद भरे जाएंगे।
उन्होंने बताया कि इन पदों के लिए पात्र उम्मीदवार सादे कागज पर अपने संपूर्ण दस्तावेजों सहित 25 अक्तूबर तक बाल विकास परियोजना अधिकारी धर्मशाला के कार्यालय में आवेदन जमा करवा सकते हैं। आवेदन के लिए 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग की महिला उम्मीदवार ही पात्र होंगी। उम्मीदवार उसी आंगनबाड़ी केंद्र के सर्वे क्षेत्र की स्थायी निवासी हो। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका के लिए जमा दो पास होना आवश्यक है। उम्मीदवार के परिवार की समस्त साधनों से वार्षिक आय 50 हजार से अधिक नहीं होनी चाहिए। इच्छुक अभ्यर्थी अधिक जानकारी के लिए बाल विकास परियोजना अधिकारी धर्मशाला के कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।