होली (चंबा)। जनजातीय क्षेत्र होली के ग्रामीणों ने टांडा मेडिकल कॉलेज के लिए सीधी और सुबह के समय चलने वाली सरकारी बस सेवा शुरू करने की मांग उठाई है। ग्रामीणों का कहना है कि वर्तमान में उन्हें टांडा पहुंचने के लिए दो-दो बसें बदलनी पड़ती हैं। टांडा जाने के लिए एक दिन पहले चंबा जिला मुख्यालय में रुकना भी पड़ता है, जिससे समय और पैसों दोनों की बर्बादी होती है।
करीब 14 पंचायतों के लोग इस परेशानी से जूझ रहे हैं, जिनमें सांह, लामू, होली, गरोला, कुलेठ, कुठेड़, दयोल, बजोल, न्याग्रां सहित अन्य शामिल हैं। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार मांग उठाने के बावजूद अब तक इस दिशा में कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया गया है। मरीजों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ती है।
राकेश कुमार, सुनील सिंह, उमेश कुमार, देवी चंद, राजेश कुमार, शक्ति प्रसाद, सुरेंद्र सिंह, अंबिया राम, रवि राज और करण कुमार जैसे ग्रामीणों ने निगम प्रबंधन से मांग की है कि होली से टांडा के लिए सीधी सुबह की बस सेवा जल्द शुरू की जाए। उन्होंने कहा कि बस सेवा शुरू होने से मरीजों और बुजुर्गों को राहत मिलेगी और धन की भी बचत होगी।
आरएम बोले– प्रस्ताव आए तो सरकार को भेजेंगे
एचआरटीसी के डीडीएम चंबा शुगल सिंह ने कहा कि मामला फिलहाल ध्यान में नहीं है। यदि स्थानीय ग्रामीण इस बारे में प्रस्ताव भेजते हैं, तो उसे सरकार को स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा। इसके बाद ही लोगों की मांग पर उचित फैसला लिया जा सकेगा।