पंचायत सचिव पर तीन महीने में तीन दिन ही कार्यालय आने का आरोप
पात्र बीपीएल परिवारों के आवेदन भी गुम करने का लगाया आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
चुराह (चंबा)। विकास खंड तीसा के तहत पंचायत सनवाल में पंचायत सचिव की कार्यप्रणाली को लेकर ग्रामीणों में भारी रोष है। ग्रामीणों ने पंचायत सचिव सहित खंड विकास अधिकारी के खिलाफ सोमवार को नारेबाजी की।
प्रताप सिंह, चतर सिंह, योग सिंह और नरैण सिंह ने आरोप लगाया कि पंचायत सचिव तीन माह के कार्यकाल में केवल तीन दिन ही पंचायत कार्यालय पहुंचे हैं। उनके नियमित रूप से कार्यालय न आने से लोगों को बीपीएल सूची से संबंधित जरूरी दस्तावेज नहीं मिल रहे हैं। आरोप लगाया कि पूर्व जिला परिषद सदस्य के साथ मिलकर पात्र परिवारों को बीपीएल योजना से वंचित किया गया है। कई लोगों के आवेदन भी गुम कर दिए हैं। ग्रामीणों ने बताया कि मामले की शिकायत खंड विकास अधिकारी से भी की गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने खंड विकास अधिकारी पर पंचायत सचिव को संरक्षण देने का आरोप लगाया। इसी को लेकर ग्रामीणों ने खंड विकास अधिकारी कार्यालय के बाहर धरना दिया। देर शाम तक ग्रामीण मौके पर डटे रहे। ग्रामीणों ने कहा कि जब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं होगा, वे आंदोलन जारी रखेंगे। खंड विकास अधिकारी अरविंद कुमार ने बताया कि पंचायत सचिव और ग्राम रोजगार सेवक का तबादला कर दिया गया है। ग्रामीण जांच की मांग कर रहे थे। उसकी तिथि निर्धारित कर दी है।