धर्मशाला से चंबा पहुंची सांख्यिकी विभाग की टीम, दिसंबर तक चलेगा सर्वे
पंकज सलारिया
चंबा। सूबे के बाजारों में चल रही व्यापारिक गतिविधियों की जानकारी केंद्र सरकार तक पहुंचेगी। इसके लिए सांख्यिकी कार्यालय ने असंगठित क्षेत्रों के उद्यमों का वार्षिक सर्वेक्षण शुरू किया है।
यह सर्वेक्षण दिसंबर 2026 तक चलेगा। सूबे के सभी बाजारों में यह सर्वेक्षण किया जाएगा। जिला चंबा में धर्मशाला से टीम ने वीरवार को सर्वेक्षण की शुरूआत की। सर्वेक्षण में दुकान का नाम, दुकान मालिक, कारोबार, कामगारों, कब से दुकान चल रही है, घर दुकान के साथ है या दूर आदि जानकारी ली जा रही है। नेशनल सांख्यिकी कार्यालय इस सर्वेक्षण के माध्यम से विभिन्न सामाजिक पहलुओं पर एक डाटा बेस विकसित करने का प्रयास कर रहा है।
इनसेट
व्यक्तिगत जानकारी गोपनीय रखी जाएगी
बाजार में सर्वेक्षण के दौरान प्रशिक्षित अधिकारी टैबलेट के जरिए ई-सिग्मा सॉफ्टवेयर का प्रयोग कर ऑनलाइन जानकारी एकत्र कर रहे हैं। इसमें व्यक्तिगत जानकारी को गोपनीय रखा जाता है। अन्य विभागों से यह जानकारी सांझा नहीं की जाती है। सर्वेक्षण में जुटाए आंकडे़ केंद्र सरकार को भेजे जाएंगे।
इनसेट
धर्मशाला से आई टीम ने उनसे कारोबार से लेकर दुकान में रखे कर्मचारियों की जानकारी हासिल की। यह जानकारी ऑनलाइन भरी गई।
- रमेश कुमार, व्यवसायी
टीम ने कारोबार सहित रिहायशी क्षेत्र की जानकारी पूछी। उन्हें बताया गया कि यह सर्वे मार्केट की वेल्यू को बताएगा। केंद्र सरकार तक यह जानकारी सर्वे के जरिए पहुंचेगी।
- सार्थक महाजन, व्यवसायी
इनसेट
टीम ने कारोबार से जुड़े हरेक बिंदु पर सवाल पूछे और ऑनलाइन सॉफ्टवेयर के जरिए इसे अपलोड किया।
- आरिफ मलिक, व्यवसायी
इनसेट
सर्वेक्षण में बाजारों की व्यावसायिक गतिविधियों का ब्योरा जुटाया जा रहा है। ये आंकड़े सरकारी योजनाओं के निर्धारण में सहायक हो सकते हैं।
- करतार सिंह आजाद, सेवानिवृत अधीक्षक ग्रेड-1
इनसेट
केंद्र सरकार के निर्देशानुसार पूरे प्रदेश में यह सर्वे किया जा रहा है। इसमें कारोबारियों से साक्षात्कार के जरिए जानकारी जुटाई जा रही है। यह डाटा ऑनलाइन भरा जा रहा है।
- रोहित कुमार, जूनियर सांख्यिकी असिस्टेंट, धर्मशाला