चुराह (चंबा)। चुराह उपमंडल की चांजू पंचायत के जखला गांव में उद्घाटन के चार वर्ष बीतने के बाद अब तक एंबुलेंस नहीं दिखी है। कॉसमॉस हाइड्रो पावर प्रॉजेक्ट कंपनी ने ग्रामीणों की सहूलियत के लिए एंबुलेंस उपलब्ध करवाई थी। बावजूद इसके एंबुलेंस सेवा का लाभ न मिल पाने से ग्रामीण स्वयं को ठगा सा महसूस कर रहे हैं। ग्रामीणों ने कंपनी प्रबंधन से प्राथमिकता के आधार पर एंबुलेंस सेवा को बहाल करने की मांग की है।
वर्ष 2019 में चांजू पंचायत समेत पांच पंचायतों के ग्रामीणों की सहूलियत के लिए कंपनी प्रबंधन की ओर से एंबुलेंस चलाने की घोषणा की गई। साथ ही इसका विधिवत तरीके से उद्घाटन भी किया गया। बावजूद इसके अभी तक एंबुलेंस सड़क पर नहीं दौड़ पाई है। एंबुलेंस सेवा आरंभ होने से ग्राम पंचायत चांजू, देहरा, दियोला, बघेईगढ़, चरड़ा और देहरोग की 25,000 की आबादी को इसका लाभ मिलना था। बावजूद इसके एंबुलेंस सेवा आरंभ न होना ग्रामीणों का मर्ज बढ़ा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि उद्घाटन के समय ही ग्रामीणों को एंबुलेंस के दर्शन हुए थे। उसके बाद से एंबुलेंस आज तक उन्हें नहीं दिखाई दी है। गांवों में अचानक बीमार होने वाले लोगों को निजी वाहन के जरिये स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाना पड़ता है। इससे ग्रामीणों में कंपनी प्रबंधन के प्रति रोष है।
ग्रामीणों संजय कुमार, भूरी सिंह, खेम राज, नरेंद्र कुमार, देस राज आदि का कहना है कि कॉसमॉस कंपनी की ओर से एक तरफ तो वाहवाही लूटने के चक्कर में ग्रामीणों को एंबुलेंस सेवा का लाभ प्रदान करने का प्रलोभन दिया गया। बावजूद इसके उद्घाटन के बाद से लेकर अब तक एंबुलेंस के दर्शन तक नहीं हो पाए हैं। इससे ग्रामीणों में कंपनी प्रबंधन के प्रति रोष है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार कंपनी प्रबंधन को इसके बारे में अवगत करवाया गया। उन्हें जल्द एंबुलेंस सेवा का लाभ मिलने का आश्वासन भी दिया गया। बावजूद इसके अभी तक एंबुलेंस सेवा आरंभ नहीं हो पाई है।
ग्राम पंचायत चांजू के प्रधान टेकू शर्मा ने कहा कि कई बार एंबुलेंस चलाने की मांग कंपनी प्रबंधन से की गई। बावजूद इसके अभी तक कंपनी प्रबंधन की ओर से एंबुलेंस चलाने को लेकर कोई भी सकारात्मक पहल नहीं की गई है।
कॉसमॉस कंपनी के प्रबंधक मुकेश पटियाल ने बताया कि कंपनी की ओर से पंचायतों के लोगों की सहूलियत के लिए एंबुलेंस का उद्घाटन करवाकर समर्पित की गई थी। एंबुलेंस में तकनीकी खराबी आ जाने से नहीं चल पाई। बहरहाल इसके बारे में कंपनी प्रबंधन को अवगत करवाया गया है।