चंबा कॉलेज में हुई घटना को लेकर प्राचार्य को ज्ञापन सौंपने के बाद बात करते एबीवीपी केकार्यकर्ता
अध्यापक पर मारपीट की कोशिश और गाली-गलौच करने का आरोप
एबीवीपी ने की प्राचार्य से कार्रवाई की मांग उपायुक्त को भी सौंपा था ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने एक अध्यापक पर अभद्र भाषा का प्रयोग करने और मारपीट की कोशिश करने का आरोप लगाया है।
विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को कॉलेज प्रशासन से संबंधित अध्यापक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग करते हुए प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा। एबीवीपी कार्यकर्ता यशिका अर्पित, तुषार, सनी, मनु, रोहित, स्नेहा, तुषार और कृष ने बताया कि वे बी-वॉक की कक्षाओं को संबोधित करने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान अमित वैद नामक अध्यापक ने उनके साथ कथित तौर पर अभद्र भाषा का प्रयोग किया।
कार्यकर्ताओं का आरोप है कि अध्यापक ने उनके साथ मारपीट करने की कोशिश की और कुछ कार्यकर्ताओं को गले से भी पकड़ा। एबीवीपी ने चेतावनी दी है कि यदि कॉलेज प्रशासन की ओर से मामले में उचित कार्रवाई नहीं की गई तो कार्यकर्ता भूख हड़ताल शुरू करेंगे। परिषद ने कहा कि इसके लिए कॉलेज प्रशासन और जिला प्रशासन जिम्मेदार होगा। वहीं, कॉलेज के प्राचार्य राकेश राठौर ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों को सुना गया है। इसके बाद जांच के लिए कमेटी गठित कर दी गई है। कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी और रिपोर्ट उपायुक्त को भी सौंपी जाएगी।