तीन लोगों के खिलाप्ऊ प्राथमिकी दर्ज, मोबाइल सड़क पर फेंकने के बाद युवती को पीटा
बचाने पहुंचे परिजनों से भी हुई हाथापाई, चार महिलाएं घायल
संवाद न्यूज एजेंसी
भरमौर (चंबा)। राजोर गांव में संयुक्त विवादित जमीन की पैमाइश के बाद युवती से मारपीट का मामला सामने आया है। एक 71 वर्षीय व्यक्ति की शिकायत पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि पुलिस को दिए बयान में राजोर निवासी भाम्बू राम ने बताया कि 7 अगस्त को शाम करीब 4:30 बजे उनकी संयुक्त विवादित जमीन की पैमाइश की जा रही थी। इस दौरान उनकी भतीजी पलक पैमाइश की वीडियोग्राफी कर रही थी। पैमाइश पूरी होने के बाद जब सभी लोग घर लौट रहे थे तो आरोप है कि दिवेश ने पलक का रास्ता रोक लिया। शिकायत के अनुसार दिवेश ने पलक का मोबाइल फोन सड़क पर फेंक दिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। पलक को बचाने के लिए शिकायतकर्ता अपनी पत्नी सुनीता, शिमलो देवी, प्राची और पलक के साथ मौके पर पहुंचे। आरोप है कि इस दौरान दिवेश, गौरव और बबली देवी ने उनके साथ भी मारपीट और हाथापाई की। घटना में सुनीता, शिमलो देवी, प्राची और पलक के घायल होने की बात शिकायत में कही गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।