चंबा के भनौता के समीप रावी नदी।संवाद
चंबा। तलेरू के बाद अब भनौता में भी रावी नदी में बोटिंग करवाई जाएगी। इसको लेकर पर्यटन विभाग ने कसरत शुरू कर दी है। निरीक्षण कर विभागीय टीम ने जमीन का चयन कर लिया है।
पर्यटन निदेशालय को एक प्रस्ताव भी भेजा है। इसमें डेढ़ करोड़ रुपये की प्रस्तावित राशि का प्रस्ताव पर्यटन निदेशालय को भेजा गया है। पर्यटन विभाग प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने का इंतजार कर रहा है। जैसे ही यह प्रस्ताव स्वीकृत होगा तो विभाग की ओर से आगामी औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी। पर्यटन विभाग की ओर से इस तरह की पहल करने का मकसद क्षेत्र में पर्यटन व्यवसाय को बढ़ावा देना है, जिससे यहां काफी संख्या में बाहरी राज्यों से पर्यटक पहुंचें और बोटिंग का लुत्फ उठाएं। पर्यटन विभाग की इस पहल पर्यटन व्यवसाय के साथ स्थानीय लोगों को रोजगार के साधन जुटेंगे।
जानकारी के अनुसार मार्ग माह के पहले सप्ताह में भनौता में बोटिंग पाइंट को लेकर पर्यटन विभाग ने संभावनाएं तलाशी थीं। उदयपुर वार्ड नंबर 11 की जिला परिषद सदस्य वनिका ने यह मामला उठाया था। इसके बाद पर्यटन विभाग ने आगामी औपचारिकताएं पूरी कीं और प्रस्ताव पर्यटन निदेशालय भेजा। गौरतलब है कि जिला चंबा में तलेरू में बोटिंग पाइंट स्थापित किया गया है। यहां काफी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं और बोटिंग का लुत्फ लेते हैं। अगर भनौता में बोटिंग पाइंट बनता है तो इससे स्थानीय लोगों के लिए भी आजीविका के साधन जुटेंगे। साथ ही प्रशासन को भी राजस्व जुटेगा।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी राजीव मिश्रा ने बताया कि इस बारे प्रस्ताव पर्यटन निदेशालय भेजा है। डेढ़ करोड़ रुपये की राशि की मांग की गई है। कहा कि जलक्रीड़ा स्थल के निर्माण के लिए भूमि का चयन हो गया है।