चंबा के खज्जियार में पैराग्लाईड़िंग का आनंद लेते प्रर्यटक।संवाद
खज्जियार (चंबा)। खज्जियार की ऊपरी चोटियों में ताजा बर्फबारी में अठखेलियां करने के अलावा शुक्रवार को साफ हुए मौसम में पर्यटकों ने जमकर पैराग्लाडिंग करने का आनंद उठाया। इतना ही नहीं वे जिप लाइन में रस्सी पर चलने के अलावा एडवेंचर पार्क पुखरी में भी पहुंचे। कुल मिलाकर पर्यटन स्थल खज्जियार में पर्यटकों की आमद बढ़ना होटल व्यवसाय से जुड़े लोगों समेत अन्य कारोबारियों के लिए कमाई का जरिया बना हुआ है। शुक्रवार को पर्यटन स्थल खज्जियार के झील मैदान में पर्यटकों की खूब भीड़ देखने को मिली।
कोलकाता, मुंबई और दिल्ली समेत अन्य शहरों से पर्यटक परिवार के साथ यहां पहुंचे हैं। कोलकाता से पहुंचे अंशुमन ने बताया कि परिवार समेत वे यहां पहुंचे हुए हैं। देवदार से घिरे इस क्षेत्र की ऊपरी चोटियों में आसमान से गिरती बर्फ में जमकर मस्ती की। महाराष्ट्र से आए पर्यटक राजीव बिट्ठल ने बताया कि परिवार की चाह रही कि खज्जियार में नया साल मनाना है। इसी के चलते यहां पर पहुंचे हैं। शुक्रवार को साहसिक खेल के तहत जिप लाइन में रस्सी से होकर गुजरने का अनुभव भी हासिल किया। दिल्ली के पर्यटक संजीव कुमार ने बताया कि खज्जियार में बहुत सी चीजें देखने लायक हैं। यहां पुखरी गांव में स्थित एडवेंचर पार्क, लाहड़ा स्थित जिप लाइन और कलाश दर्शन में पैराग्लाइडिंग का लुत्फ उठाया। उन्होंने फिर से यहां पर पहुंचने की इच्छा जताई है।
चंबा के खज्जियार में पैराग्लाईड़िंग का आनंद लेते प्रर्यटक।संवाद