चंबा। पांच दिन बाद सचे जोत मार्ग छोटे वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल हो जाएगा। मात्र साढ़े चार किलोमीटर हिस्से से बर्फ हटाने का कार्य शेष बचा है। पांगी से मशीनें भूत ग्राउंड के पास पहुंच चुकी हैं।
यहां पर बर्फ के पहाड़ को चीर कर वाहनों की आवाजाही के लिए रास्ता बनाया जा रहा है। वहीं, चंबा की तरफ से मशीनें धनंतरू से आगे पहुंच गई हैं। यहां से टोप मात्र दो किलोमीटर रहता है। दो दिन में चंबा की साइड वाली मशीनें टोप पहुंच जाएंगी। 11 मई को लोक निर्माण विभाग ने सचे जोत को बहाल करने का दावा किया है।
मई में विभाग ने जो लक्ष्य रखा था, उससे पहले ही मार्ग यातायात के लिए बहाल हो सकता है जो पांगी घाटी और चुराह के लोगों के लिए काफी राहत भरी खबर है। मार्ग खुलने पर पर्यटक बर्फ के पहाड़ों का नजदीक से दीदार करने के लिए सचे जोत जा सकेंगे। पांगीवासी मौजूदा समय में जिला मुख्यालय के लिए वाया जेएंडके होकर आवाजाही कर रहे हैं।
इसमें उन्हें 24 घंटे का सफर टैक्सी में तय करना पड़ रहा है। वाया सचे जोत यही सफर छह से सात घंटे का रह जाएगा। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता रवि कुमार शर्मा ने बताया कि साढ़े चार किलोमीटर हिस्से की बर्फ को शीघ्र हटाकर यातायात शुरू करवाया जाएगा।
लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता जीत सिंह ठाकुर ने बताया कि सचे जोत पूरी पांगी घाटी के लोगों के साथ जुड़ा मार्ग है, इसलिए इसे समय पर खोलने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। सरकार की तरफ से भी इसको लेकर यही निर्देश हैं।