चंबा। खरीफ सीजन की प्रमुख फसल मक्की की बुवाई को लेकर कृषि विभाग ने किसानों के लिए एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने किसानों से 15 जून तक मक्की की बुवाई पूरी करने का आग्रह किया है।
जिले के ऊपरी और ठंडे क्षेत्रों में किसान पहले ही मक्की की बुवाई कर चुके हैं जबकि निचले और मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अभी बुवाई का कार्य जारी है। कृषि विभाग का कहना है कि समय पर बुवाई करने से फसल की वृद्धि बेहतर होती है और उत्पादन में भी वृद्धि होती है। मक्की की खेती को लेकर किसानों में उत्साह बना हुआ है। विभाग के अनुसार इस वर्ष किसानों की ओर से करीब 1100 क्विंटल मक्की बीज की मांग दर्ज की गई है। विभाग की ओर से विभिन्न कृषि केंद्रों के माध्यम से किसानों को प्रमाणित बीज उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। जिले में हर वर्ष लगभग 26 हजार हेक्टेयर भूमि पर मक्की की खेती की जाती है। यह जिले की प्रमुख खरीफ फसलों में शामिल है। उधर, कृषि विभाग के उपनिदेशक डॉ. भूपेंद्र सिंह ने बताया की किसान 15 जून तक मक्की की बिजाई कर सकते हैं। संवाद