पंचायतों में गुणवत्ता से समझौता न करने के निर्देश, कचरा प्रबंधन की भी होगी निगरानी
बीडीओ को अर्ध-शहरी क्षेत्रों की पहचान कर घर-घर कचरा संग्रहण सुनिश्चित करने को कहा
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। ग्रामीण विकास योजनाओं को तय समय में पूरा करने और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने में लापरवाही पर कार्रवाई हो सकती है। अतिरिक्त उपायुक्त अमित मेहरा ने शनिवार को विभागीय समीक्षा बैठक में खंड विकास अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने और कार्यों की समयबद्ध प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिले की ग्राम पंचायतों में चल रहे विकास कार्यों की स्थिति की समीक्षा की गई। एडीसी ने कहा कि योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए निर्धारित लक्ष्यों को समय पर हासिल करना जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को धरातल पर चल रहे कार्यों की वास्तविक स्थिति की विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध करवाने को कहा।
एडीसी ने सभी बीडीओ को अपने क्षेत्रों के अर्ध-शहरी इलाकों की पहचान करने के निर्देश दिए। इन क्षेत्रों में घर-घर कचरा संग्रहण, गीले और सूखे कचरे का पृथक निस्तारण तथा कचरा उठाने और उसके निपटान का नियमित रिकॉर्ड रखने को कहा। पंचायतवार आंकड़े लगातार अपडेट करने के निर्देश भी दिए गए।
समीक्षा बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, स्वच्छ भारत मिशन और विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका मिशन के तहत चल रहे कार्यों पर चर्चा हुई।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी तिवेंद्र चिनोरिया, खंड विकास अधिकारी महेश ठाकुर, डॉ. बशीर खान, गोपाल सिंह, जिला विकास कार्यालय के अर्थशास्त्री विनोद कुमार सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।