चंबा। चंबा में कोरोना के बढ़ते मामलों पर उपमंडलीय प्रशासन सख्त हो गया है। प्रशासन ने सख्त हिदायत दी है कि लोग शहर में बिना मास्क प्रवेश न करें और कोरोना प्रोटोकॉल की हर हाल में पालना सुनिश्चित बनाएं। प्रशासन ने कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच नई एडवाइजरी जारी की है। अगर लोग नियमों की अनुपालना नहीं करते हैं तो इस मामले में नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश जारी किए जाएंगे।
गौरतलब है कि गत माह जिला कोरोना मुक्त हो गया था। हालांकि, इसके बाद जिले में एक से पांच औसतन मामले सामने आने लगे लेकिन पिछले एक सप्ताह से जिले में कोरोना ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ी है। एक सप्ताह में डेढ़ सौ से अधिक मामले सामने आ चुके हैं। साथ ही कोरोना के चलते एक मौत भी हुई है। जिले में कोरोना की पहली लहर के मुकाबले दूसरी लहर में ज्यादा मौतें हुईं। साथ ही संक्रमण दर भी बढ़ी है। बहरहाल, प्रशासन अब कोरोना के बढ़ते संक्रमण को लेकर सतर्क हो गया है। शहर में निगरानी के लिए टीमों का गठन करने की भी प्रशासनिक योजना बना रहा है। इसके अलावा पुलिस को भी समय-समय पर लोगों को जागरूक करने के बारे में निर्देश दिए जाएंगे। वहीं, दूसरी ओर दो सप्ताह चंबा में मिंजर मेले का भी आगाज होने वाला है जहां हजारों की संख्या में लोग पहुंचेंगे।
जिले में कोरोना की वर्तमान स्थिति
अब तक संक्रमित-16406
सक्रिय मामले-----165
स्वस्थ हुए--------16065
मौतें---------------174
चंबा के एसडीएम अरुण कुमार का कहना है कि जिले में कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं। इसलिए लोग मास्क पहनें और निर्देशों की पालना करें अन्यथा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।