चंबा। मुस्लिम वेलफेयर सोसायटी एवं अंजुमन इस्लामिया के पदाधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त मुकेश रेपसवाल से मिला। इस मौके पर मुस्लिम समुदाय की दोनों संस्थाओं ने उपायुक्त मुकेश रेपसवाल के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। पदाधिकारियों का कहना है कि अपने आप को कथित तौर पर अल्पसंख्यक कल्याण परिषद हिमाचल का अध्यक्ष करार देने वाले एसएनए गिलानी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें गिलानी मुस्लिम समुदाय के लोगों के प्रति कई तरह की आधारहीन बयानबाजी करते हुए सुनाई दे रहा है। वीडियो में गिलानी झूठे आरोप लगा रहे हैं। मुस्लिम समुदाय के लोगों से प्रदेश के हिंदुओं की बहन-बेटियां सुरक्षित नहीं हैं और मुस्लिम समुदाय के लोग हिंदुओं की हजारों बेटियों को हिमाचल से दूसरे राज्यों में ले जाया गया है। वहीं गिलानी यह भी आरोप लगा रहे हैं कि मुस्लिम लोग मस्जिदों और कब्रिस्तानों के जरिये हिमाचल का माहौल खराब कर रहे हैं। बताया कि जब मुस्लिम संस्थाओं ने गिलानी के बारे में अपने स्तर पर जांच की तो पाया कि गिलानी ने धर्मपुर मस्जिद के समीप वक्फ बोर्ड की जमीन पर कब्जा कर रखा है। पदाधिकारियों ने सांप्रदायिक हिंसा को भड़काने का प्रयास करने वाले गिलानी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। प्रतिनिधिमंडल में ऑल हिमाचल मुस्लिम वेलफेयर सोसायटी के प्रदेश उपाध्यक्ष परवेज अली बट्ट, अंजुमन इस्लामिया चंबा सदर के डॉ. इसरार अली शाह, ऑल हिमाचल मुस्लिम वेलफेयर सोसायटी के जिला चंबा के प्रधान लतीफ मोहम्मद, पीर मोहम्मद आदि मौजूद रहे। इससे पहले एसपी चंबा अभिषेक यादव को भी ज्ञापन सौंपा गया।