शहर में बढ़ती जाम की समस्या से निपटने के लिए मंगलवार को पुलिस ने अभियान छेड़ा। इस दौरान कोर्ट परिसर और नगर परिषद के आसपास खड़ी गाड़ियों को हटाया। कुछ चालकों ने पुलिस की इस कार्रवाई का विरोध भी किया।
पुलिस की टीम और चालकों के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई। इसे देखते हुए पुलिस ने गाड़ी न हटाने वाले चालकों के चालान काटने शुरू कर दिए। पुलिस ने नगर परिषद और कोर्ट परिसर के आसपास खड़ी करीब एक दर्जन गाड़ियों के चालान काटे हैं और भविष्य में गाड़ियों को इस क्षेत्र में खड़ा न करने के निर्देश भी दिए हैं।
इस कार्रवाई से कोर्ट परिसर व नप कार्यालय के आसपास लोगों की आवाजाही के लिए जगह खाली हो गई। रास्ते में टैक्सियां खड़ी रहने से मोहल्ला वासियों को आवाजाही करने में काफी मुश्किल होती थी। मोहल्ला में अग्निकांड जैसी घटना होने पर दमकल विभाग की गाड़ी भी नहीं पहुंच सकती थी।
मोहल्लावासी काफी समय से प्रशासन से मांग कर रहे थे कि यहां से गाड़ियां हटाई जाएं। मंगलवार को एसएचओ चंबा ने उपरोक्त स्थानों पर खड़ी गाड़ियों के चालान काट कर उन्हें वहां से हटा दिया। साथ ही टैक्सी चालकों को दोबारा वहां पर गाड़ी पार्क न करने की हिदायत दी गई है।
........
भविष्य में भी होगी कार्रवाई : एसपी
पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र तोमर ने बताया कि कोर्ट परिसर और नप कार्यालय के सामने गाड़ी पार्क करने की अनुमति नहीं है। इसके चलते यह कार्रवाई की गई है। भविष्य में भी यदि गाड़ियां खड़ी रहती हैं तो ऐसे ही कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।