चुराह (चंबा)। जबरन घर में घुसकर परिवार के साथ मारपीट करते हुए दरवाजे, खिड़कियां और बिजली उपकरणों को नुकसान पहुंचाने का मामला तीसा पुलिस के पास पहुंचा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगामी छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस को सौंपी शिकायत में लालदीन निवासी गांव टटोग डाकघर खुशनगरी तहसील चुराह जिला चंबा ने बताया कि मंगलवार की रात 12 बजे आरोपी हश मोहम्मद, समीना, सलीम और इरफान निवासी ग्राम टटारोग डाकघर खुशनगरी तहसील चुराह जिला चंबा उनके घर में आ धमके और बेवजह गालियां देने लगे। ऐसा करने से मना करने पर आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए दरवाजे, खिड़कियों और बिजली के उपकरणों को नुकसान पहुंचाया। परिवार के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों को आता देख वे सभी वहां से भाग गए। पीड़ित ने पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कर आगामी जांच आरंभ कर दी है। पुलिस अधीक्षक चंबा विजय सकलानी ने बताया कि पुलिस ने प्राथमिक दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।