मंगला(चंबा)। चंबा-जोत मार्ग पर मंगला के पास एक कार दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में चार लोगों को मामूली चोटें आई। घायलों को उपचार के लिए चंबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। हादसे में घायलों की पहचान कार चालक विजय कुमार, नीलम महाजन पत्नी विजय निवासी नगरोटा बगवां, राधिका पत्नी अर्पण महाजन व अव्या महाजन पुत्री अर्पण महाजन निवासी नगरोटा बगवां जिला कांगड़ा के रूप में हुई। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से चंबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त सभी कार में सवार होकर मैहला स्थित जालपा माता मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। शुक्रवार सुबह के वक्त वे जैसे ही मंगला के समीप पहुंचे तो ब्रेक फेल हो गई। चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए गाड़ी को पहाड़ी से टकरा दिया जिससे गाड़ी सड़क पर ही पलट गई। गाड़ी गिरने की आवाज सुन स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घायलों को उपचार के लिए चंबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। एसपी चंबा अरूल ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।