चंबा में अतिरिक्त निदेशक उच्च शिक्षा को ज्ञापन सौंपते एबीवीपी के कार्यकर्ता।संवाद
अतिरिक्त उच्च शिक्षा निदेशक को ज्ञापन सौंपा, जल्द कदम उठाने की मांग
कार्यकर्ताओं से दुर्व्यवहार, गाली-गलौज और धक्का-मुक्की का लगाया आरोप
कॉलेज प्रशासन पहले ही कर चुका है आरोपी प्राध्यापक को निलंबित
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद कार्यकर्ताओं के साथ कथित दुर्व्यवहार, गाली-गलौज और धक्का-मुक्की के मामले में छात्र संगठन ने कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। कार्यकर्ताओं ने अतिरिक्त उच्च शिक्षा निदेशक को ज्ञापन सौंपा है।
विभाग के संयोजक एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अर्पित जरियाल ने बताया कि 18 अगस्त को परिषद के कार्यकर्ता फीस वृद्धि के विरोध में कक्षाओं के बहिष्कार का आह्वान करने के लिए महाविद्यालय के पुराने परिसर में गए थे। आरोप लगाया कि इस दौरान एक प्राध्यापक ने कार्यकर्ताओं के साथ दुर्व्यवहार किया। गाली-गलौज और धक्का-मुक्की भी की। आरोप लगाया कि घटना के दौरान एक कार्यकर्ता का मोबाइल फोन भी कथित तौर पर छीनकर तोड़ दिया गया।
जरियाल ने कहा कि घटना से संबंधित साक्ष्य परिषद के पास हैं। घटना के बाद कार्यकर्ताओं ने उपायुक्त से मुलाकात कर मामले में कार्रवाई की मांग की थी। उपायुक्त के निर्देश पर प्राचार्य को मामले की जांच के लिए कहा गया था। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय प्रशासन ने जांच और आगामी कार्रवाई तक संबंधित प्राध्यापक को निलंबित कर दिया है। अर्पित जरियाल के अनुसार अतिरिक्त निदेशक ने मामले में आवश्यक कार्रवाई के लिए प्राचार्य को 10 दिन का समय दिया है।