उपायुक्त डीसी राणा को लिल्हकोठी कॉलेज में शिक्षकों के पद भरने की मांग को लेकर ज्ञापन देने जाते एब
- फोटो : Chamba
चंबा। स्थानीय कॉलेज की एबीवीपी ने सरकार से मांग की है कि जिले के विभिन्न कॉलेजों में चल रही प्राध्यापकों की कमी, कॉलेजों के अधूरे भवनों के निर्माण कार्य सहित चंबा मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों के रिक्त पदों को भरने और सड़कों की दशा सुधारी जाए। कार्यकर्ताओं ने बताया कि लंबे समय बाद जिले में कॉलेज खुले हैं लेकिन अभी भी कॉलेजों के विद्यार्थी मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं।
जिले के कॉलेज लिल्हकोठी, भरमौर, सलूणी, तेलका, भलेई और तीसा में प्राध्यापकों की कमी है। इसके चलते विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने बताया कि शिक्षकों के खाली पदों को भरने के लिए सरकार से कई बार मांग की गई है लेकिन अभी तक कोई सकारात्मक पहल नहीं हो पाई है। वहीं, दूसरी तरफ महाविद्यालय तेलका, भलेई, लिल्हकोठी और भरमौर कॉलेज के भवनों का निर्माण कार्य भी अधर में लटका हुआ है।
उन्होंने सरकार से मांग की है कि कॉलेज में प्राध्यापकों के पद भरने के साथ मेडिकल कॉलेज चंबा में भी विशेषज्ञों की तैनाती की जाए। उन्होंने बताया कि सरकार की ओर से अगर प्राध्यापकों की तैनाती नहीं की जाती है तो वे उग्र आंदोलन करेंगे। इसकी जिम्मेदारी प्रदेश सरकार और विवि प्रशासन की होगी। इन सभी मांगों को लेकर इकाई का प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त डीसी राणा से मिला। प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई जिला संयोजक अभिलाष शर्मा ने की। इस दौरान उन्होंने प्रशासन के माध्यम से सरकार को ज्ञापन भेजा।