चंबा। जिला मुख्यालय के साथ लगती सरोल पंचायत में एक युवक ने फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। रविवार रात को युवक ने घर की छत से फंदा लगा लिया। जब तक परिजनों ने उसे देखा, तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के लिए चंबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया।
सोमवार को मेडिकल कॉलेज में शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। उसके उपरांत शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। इस मामले में पुलिस ने परिजनों के बयान भी कलमबद्ध कर लिए हैं। युवक की ओर से आत्महत्या करने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल पर किसी तरह का सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच को आगे बढ़ा रही है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने मामले की पुष्टि की है।