ट्रक में सवार दो लोगों को आईं हल्की चोटें, उपचार के बाद भेजे घर
नाल्डा पुल के पास भी सड़क से लुढ़की पिकअप, कोई हताहत नहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
बनीखेत (चंबा)। बनीखेत-चंबा मार्ग पर शुक्रवार सुबह दो अलग-अलग सड़क हादसे हो गए। पहले हादसे में बोंखरी मोड़ के पास सीमेंट से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के समय ट्रक में दो लोग सवार थे। इन्हें मामूली चोटें आईं। दोनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाथरी पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाथरी में तैनात चिकित्सक डॉ. पुनीत पराशर ने बताया कि दोनों घायलों को मामूली चोटें आई थीं। उनकी प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी कर दी गई।
हादसे में ट्रक सड़क के किनारे लगे बिजली बोर्ड के एक पोल से टकरा गया। इससे पोल टूट गया। इस कारण बोंखरी मोड़, तल्ला और आसपास के क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति बाधित रही। सूचना मिलने पर बिजली बोर्ड की टीम मौके पर पहुंची और आपूर्ति बहाल करने का कार्य शुरू कर दिया।
इसी मार्ग पर कुछ दूरी आगे नाल्डा पुल के समीप एक पिकअप वाहन भी अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरा। वाहन में चालक अकेला सवार था। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि या चोट की सूचना नहीं है। दोनों हादसों के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंचीं और यातायात को सुचारु करने के साथ आवश्यक कार्रवाई शुरू की। हादसों के कारणों की जांच की जा रही है।