चंबा। जिला मुख्यालय के साथ लगते सरू में घर के लेंटर की शटरिंग कर रहे व्यक्ति की दोमंजिला छत से पांव फिसलकर गिरने से मौत हो गई। मृतक की पहचान मुकेश कुमार (42) पुत्र किरपू राम निवासी गांव धनेई डाकघर सरू के रूप में हुई है।
वह मंगलवार शाम को शटरिंग का कार्य कर रहा था। इस दौरान अचानक उसका पांव फिसला और वह अनियंत्रित होकर दूसरी मंजिल से नीचे जा गिरा। इससे वह गहरी चोट के चलते बेसुध हो गया। उसके साथ काम कर रहे अन्य लोग उसे उपचार के लिए चंबा मेडिकल कॉलेज ले गए। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शव गृह में रखा। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने मामले की पुष्टि की है।