बुरी तरह लहूलुहान दो भेड़-बकरियाें पशुपालन विभाग ने करवाया टीकाकरण
होली की कुठेड़ पंचायत में घास चर रहीं भेड़-बकरियों पर किया कुत्तों ने हमला
संवाद न्यूज एजेंसी
होली (चंबा)। जनजातीय क्षेत्र होली की कुठेड़ पंचायत में लावारिस कुत्तों के झुंड ने पांच भेड़-बकरियों पर हमला कर दिया। इसके चलते तीन भेड़-बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई। दो गंभीर रूप से घायल हो गईं।
यह घटना रविवार सुबह करीब दस बजे हुई। पशुपालक ने इस बारे में पशुपालन विभाग की टीम को अवगत करवाया। मौके पर पहुंची टीम ने घायल दो भेड़-बकरियों का टीकाकरण किया।
ये भेड़-बकरियां अश्वनी कुमार और सुदेश कुमार की थीं। सुबह करीब दस बजे तुनु धार के समीप भेड़-बकरियां घास चर रही थीं। इसी दौरान अचानक धार के समीप लावारिस कुत्तों का झुंड आ पहुंचा और भेड़-बकरियों पर हमला कर दिया। तीन भेड़-बकरियां बुरी तरह से लहूलुहान हो गईं। इनकी मौके पर ही मौत हो गई। भेड़ पालक जब मौके पर पहुंचे तो शेष दो भेड़-बकरियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्होंने कुत्तों को मौके से भगाया। मामले के बारे में पशुपालन विभाग को अवगत करवाया। मौके पर विभागीय टीम ने घायल भेड़-बकरियों को उपचार दिया। प्रभावितों ने प्रशासन से मांग की है कि उन्हें उचित मुआवजा प्रदान किया जाए।
पशुपालन विभाग के फॉर्मासिस्ट पंकज ठाकुर ने बताया कि इस बारे में सूचना मिली थी। तीन भेड़-बकरियों की मौत हो चुकी थी। घायल दो भेड़ बकरियों को जरूरी उपचार दे दिया गया है।