चुवाड़ी (चंबा)। उपमंडल भटियात के तहत आती ग्राम पंचायत भराड़ी के घटनूण के जंगल एक व्यक्ति की खाई में गिरने से मौत हो गई। यह हादसा बुधवार सुबह के वक्त पेश आया। मृतक की पहचान अंग्रेज पुत्र संतो राम निवासी गांच चलेरा, भराड़ी, चंबा के रूप में हुई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। परिजनों ने किसी प्रकार का संदेह नहीं जताया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अंग्रेज सुबह के वक्त अपने घर से पशुओं को चराने के लिए घटनूण के जंगल की तरफ निकले। इस दौरान उनका पांव फिसल गया और वह गहरी खाई में जा गिरे। साथ गए लोगों ने इसकी सूचना परिजनों और पंचायत प्रतिनिधियों को दी। ग्रामीणों ने खाई से निकालकर उन्हें अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने अंग्रेज को मृत घोषित कर दिया। एसपी चंबा अभिषेक यादव ने बताया कि खाई में गिरने से एक व्यक्ति की मौत हुई। शव का पोस्टमार्टम करवाया गया है। मामले की जांच की जा रही है।