चंबा। मैहला के चलेई नाला में घास काटते समय खाई में गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान संजय कुमार पुत्र रत्तो निवासी गांव चलेई डाकघर बंदला के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वीरवार को सुबह के समय संजय मवेेशियों को चारा लाने के लिए चलेई नाला की तरफ गया था। यहां पर घास काटते समय अचानक उसका पांव फिसल गया और वह गहरी खाई में गिर गया।
खाई में गिरते समय उसके चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंच गए। जब तक लोग उसे खाई से निकाल कर अस्पताल पहुंचाते, तब तक सिर पर गंभीर चोट की वजह से उसकी मौत हो चुकी थी। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चंबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। यहां पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। एसपी अरुल कुमार ने बताया कि खाई में गिरने से व्यक्ति की मौत हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।