बारिश ने खोली मैहला-बंदला सड़क की पोल, सड़क पर बहता रहा पानी
सड़क पर बने गड्ढों में पानी भरने से वाहन चालक होते रहे परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
मैहला (चंबा)। मैहला-बंदला सड़क की हालत लगातार खराब होती जा रही है। बीते वीरवार को हुई बारिश के बाद मार्ग की बदहाली और उजागर हो गई।
सड़क के किनारे उचित जल निकासी व्यवस्था न होने के कारण बारिश का पानी सड़क पर बहता रहा। इससे कई जगह सड़क नाले का रूप लेती नजर आई।
मार्ग पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों में पानी भरने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। जलभराव के कारण गड्ढों का अंदाजा लगाना मुश्किल हो गया। इससे दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दिनों में इस सड़क से गुजरना जोखिम भरा हो जाता है।
ग्रामीणों के अनुसार करीब दस वर्ष पहले निर्मित इस सड़क की अब तक न तो स्थायी मरम्मत की गई है और न ही जल निकासी की कोई प्रभावी व्यवस्था विकसित की गई है। परिणामस्वरूप हर वर्ष बरसात के दौरान सड़क की स्थिति और खराब हो जाती है।
स्थानीय निवासी राज कुमार, विशाल कुमार, अमित कुमार, रजनीश कुमार, जगदेव कुमार और रोहित कुमार ने बताया कि लोक निर्माण विभाग की ओर से समय-समय पर गड्ढों को मिट्टी से भर दिया जाता है लेकिन यह केवल अस्थायी उपाय साबित होता है। बारिश होते ही मिट्टी बह जाती है और सड़क फिर से गड्ढों में तब्दील हो जाती है। उन्होंने कहा कि सड़क के किनारे नालियों के निर्माण और नियमित रखरखाव के बिना समस्या का समाधान संभव नहीं है।
ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग से सड़क की स्थायी मरम्मत, पक्की नालियों के निर्माण और जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
उधर, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता राकेश मरौल ने बताया कि विभाग के संज्ञान में मामला है। बजट उपलब्ध होते ही सड़क की समस्या के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।