चनेड़ के पास हादसे के बाद खाई में गिरी गाड़ी।
- फोटो : Chamba
चंबा। चंबा-पठानकोट राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर चनेड़ के पास पराली से लदी पिकअप (जीप) दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए चंबा मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है।
घायलों की पहचान सावर मोहम्मद पुत्र गुलजार मोहम्मद और शमाउन पुत्र इस्माइल दोनों निवासी गांव बड़ोह डाकघर पल्यूर के रूप में हुई। ये सभी पठानकोट से अपने मवेशियों के चारे के लिए पराली को जीप में भरकर चंबा की ओर आ रहे थे। इसी दौरान चनेड़ के पास अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण बिगड़ गया और जीप अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतरकर गहरी खाई में जा गिरी।
जीप गिरने की आवास सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर इकट्ठा हो गए और घायलों को खाई से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें एंबुलेंस से चंबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कर लिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम भी अस्पताल पहुंच गई और घायलों के बयान दर्ज किए। पुलिस अधीक्षक अरुल कुमार ने बताया कि हादसे में दो लोग घायल हो गए हैं। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।